Advertisement
एडिलेड। ऑस्ट्रेलियाई टीम ने एडिलेड ओवल मैदान पर मंगलवार को खेले गए दूसरे एकदिवसीय मुकाबले में वेस्टइंडीज को आठ विकेट से हरा दिया। तेज गेंदबाज डगलस बोलिंगर (28/4) की शानदार गेंदबाजी की बदौलत आस्ट्रेलियाई टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज की पारी 39.4 ओवरों में 170 रनों पर समेट दी। जवाब में खेलने उतरी मेजबान टीम ने 26.3 ओवरों में 171 रन बनाकर मैच जीत लिया। वॉटसन ने 50 गेंदों पर सात चैकों और दो छक्कों की मदद से 53 रन बनाए, जबकि कप्तान पोंटिंग ने नाबाद 57 रन 55 गेंदों पर आठ चैके और दो छक्के की मदद से बनाए। सलामी बल्लेबाज शॉन मार्श और माइकल क्लार्क ने भी 27-27 रनों का योगदान दिया। वॉटसन के साथ पहले विकेट के लिए 51 रन जोड़ने वाले मार्श ने 27 गेंदों पर तीन चैके और एक छक्का जड़ा जबकि क्लार्क ने अपनी नाबाद पारी के दौरान 28 गेंदों पर तीन चैके लगाए। वेस्टइंडीज के लिए ड्वेन स्मिथ ने सर्वाधिक 43 रन बनाए थे, जबकि केरॉन पोलार्ड ने 32 और विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश रामदीन ने 30 रन बनाए। नरसिंह देवनारायण ने भी 23 रन बनाए लेकिन कप्तान क्रिस गेल (0), रूनाको मोर्टन (4), लेंडल सिमंस (1) और निकिता मिलर (6) ने बुरी तरह निराश किया। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से बोलिंगर के अलावा क्लिंट मैके ने दो विकेट लिए, जबकि मिशेल जॉनसन, शेन वॉटसन और नेथन हॉरित्ज ने एक-एक विकेट चटकाए।
